
दरभंगा: जिले के कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड अंतर्गत तिलकेश्वर थाना क्षेत्र के महिसोट गांव में तीन बच्चों की मां की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मामला हत्या तक पहुंच गया है। मृतका के मायके पक्ष ने पति के कथित अवैध संबंध का विरोध करने पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में पति, ससुर समेत नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जलती चिता बुझाकर पुलिस ने शव लिया कब्जे में
जानकारी के अनुसार मृतका अंजलि देवी (30) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने मायके वालों को सूचना दिए बिना जल्दबाजी में शव का अंतिम संस्कार करने की कोशिश की। इसी बीच मायके पक्ष को गुप्त सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस तत्काल श्मशान घाट पहुंची।
पुलिस ने जलती चिता को बुझाकर शव को अपने कब्जे में लिया और कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
पति के अवैध संबंध का विरोध करती थी महिला
मृतका के पिता सिकंदर चौपाल ने तिलकेश्वर थाना में लिखित आवेदन देकर पति नंदन चौपाल, ससुर शंभू चौपाल समेत ससुराल पक्ष के नौ लोगों को नामजद आरोपी बनाया है।
आवेदन में कहा गया है कि अंजलि देवी अपने पति के किसी दूसरी महिला के साथ कथित अवैध संबंध का विरोध करती थी। इसी बात को लेकर पति और परिवार के अन्य सदस्य उससे नाराज रहते थे। आरोप है कि इसी विवाद में उसकी हत्या कर दी गई और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को जलाने का प्रयास किया गया।
एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।
तिलकेश्वर थानाध्यक्ष केशरी नंदन कुमार राम ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के ससुर शंभू चौपाल को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
