
पटना/दरभंगा: बिहार सरकार ने दरभंगा इंटर-स्टेट बस टर्मिनल के आधुनिकीकरण के लिए 8.67 एकड़ सैरात भूमि आवंटित करने को मंजूरी दे दी है। इस फैसले के बाद अब दरभंगा में आधुनिक सुविधाओं से लैस नए बस टर्मिनल के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल ने बुधवार को इस प्रस्ताव को स्वीकृति दी। सरकार का कहना है कि इस परियोजना के तहत मौजूदा बस टर्मिनल को आधुनिक ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा टर्मिनल
सरकार के अनुसार नए बस टर्मिनल में आधुनिक प्रतीक्षालय, आराम क्षेत्र, बेहतर ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम, साफ-सुथरा परिसर और यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। परियोजना को आधुनिक शहरी विकास मानकों के अनुरूप तैयार किया जाएगा।
यह परियोजना उत्तर बिहार के प्रमुख शहर दरभंगा में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
प्रशासन की अनुशंसा पर मिली मंजूरी
मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि दरभंगा इंटर-स्टेट बस टर्मिनल उत्तर बिहार के लाखों यात्रियों के लिए एक अहम परिवहन केंद्र है। इसके आधुनिकीकरण से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने बताया कि सैरात भूमि आवंटन का प्रस्ताव प्रमंडलीय आयुक्त और जिलाधिकारी की संयुक्त अनुशंसा के बाद स्वीकृत किया गया।
शहरी विकास को मिलेगा बढ़ावा
राज्य सरकार का कहना है कि सार्वजनिक हित की विकास परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने के लिए प्रशासनिक बाधाओं को दूर किया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक बस टर्मिनल का आधुनिकीकरण दरभंगा की कनेक्टिविटी और शहरी विकास योजनाओं को नई गति देगा।
यह भी पढ़ें: दरभंगा के विकास की धीमी रफ्तार पर गंभीर सवाल, घोषणाओं से आगे जमीन पर काम दिखना जरूरी








