
दरभंगा। केवटी प्रखंड के बीडीओ चंद्रमोहन पासवान के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। टीम ने दरभंगा, मधुबनी और सीतामढ़ी समेत छह अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की।
ईओयू की टीम ने केवटी प्रखंड मुख्यालय परिसर के पीछे स्थित सरकारी आवास, बहादुरपुर थाना क्षेत्र स्थित निजी घर, मधुबनी जिले के बाबूबरही स्थित पैतृक आवास और सीतामढ़ी स्थित ससुराल समेत अन्य स्थानों पर जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
सरकारी आवास और कार्यालय में घंटों चली जांच
बीडीओ चंद्रमोहन पासवान के सरकारी आवास पर सुबह करीब सात बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक लगातार छापेमारी चली। जांच टीम में दो अधिकारियों सहित कई कर्मी और सुरक्षा बल के जवान शामिल थे। स्थानीय पुलिस और थानाध्यक्ष सदन राम भी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहे।
इसी दौरान दूसरी टीम ने केवटी प्रखंड कार्यालय पहुंचकर विभिन्न फाइलों, पंजी और दस्तावेजों की जांच की। करीब दो घंटे तक चली जांच के बाद टीम कुछ दस्तावेज अपने साथ लेकर लौट गई। हालांकि अधिकारियों ने मीडिया को किसी भी प्रकार की आधिकारिक जानकारी देने से इंकार कर दिया।
89 लाख रुपये से अधिक संपत्ति का आरोप

आर्थिक अपराध इकाई की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में बीडीओ चंद्रमोहन पासवान के पास 89 लाख 13 हजार 500 रुपये की आय से अधिक संपत्ति होने के प्रमाण मिले हैं। यह उनकी ज्ञात आय से करीब 81 प्रतिशत अधिक बताई गई है।
सूत्रों के मुताबिक, ईओयू लंबे समय से उनके वित्तीय लेनदेन और संपत्तियों पर नजर रख रही थी। सत्यापन में मिले तथ्यों के आधार पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) के तहत मामला दर्ज किया गया।
डीएसपी राजन कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई

बताया जा रहा है कि पूरी कार्रवाई आर्थिक अपराध इकाई के डीएसपी राजन कुमार के नेतृत्व में की जा रही है। टीम जमीन, बैंक खाते, निवेश, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, चंद्रमोहन पासवान अक्टूबर 2025 में समस्तीपुर के विभूतिपुर प्रखंड से स्थानांतरित होकर केवटी में बीडीओ के पद पर पदस्थापित हुए थे।
अधिकारियों ने कहा है कि छापेमारी और जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।
