
दरभंगा जिले के जाले नगर परिषद क्षेत्र में भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट लगातार गहराता जा रहा है। साथी चौक स्थित ट्रांसफॉर्मर संख्या-1 का 220 वोल्ट केबल बार-बार जल जाने से शंकर चौक समेत कई इलाकों में घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, अत्यधिक लोड के कारण ट्रांसफॉर्मर का केबल लगातार खराब हो रहा है। 31 मई को पहली बार केबल जलने के बाद विभागीय कर्मियों ने अस्थायी मरम्मत कर बिजली बहाल करने की कोशिश की, लेकिन सप्लाई शुरू होते ही केबल फिर जल गया।
इसके बाद एक जून को जले हुए हिस्से में नया टुकड़ा जोड़कर मरम्मत की गई, मगर अगले ही दिन वह हिस्सा भी खराब हो गया। समस्या के समाधान के लिए विभाग ने नया केबल लगाया, लेकिन बुधवार शाम करीब 6:15 बजे वह भी जलकर खराब हो गया।
पेयजल संकट से बढ़ी परेशानी
लगातार बिजली बाधित रहने से इलाके में पेयजल संकट भी गहरा गया। लोगों को पानी भरने, मोबाइल चार्ज करने, भोजन बनाने और अन्य जरूरी घरेलू कार्यों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उमस भरी गर्मी ने हालात को और अधिक मुश्किल बना दिया है।
लोगों में नाराजगी
स्थानीय निवासियों का कहना है कि विभाग अस्थायी समाधान कर रहा है, जबकि इलाके को स्थायी समाधान की जरूरत है। बार-बार केबल जलने से लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
विभाग ने क्या कहा?
विद्युत विभाग के कनीय अभियंता (JE) कुमार गौरव ने बताया कि इलाके में बढ़ते बिजली लोड की वजह से यह समस्या उत्पन्न हो रही है। विभाग स्थिति की निगरानी कर रहा है और स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
