
दरभंगा जिले के बिरौल थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आम का छिलका फेंकने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि पड़ोसियों ने एक ही परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में गंभीर रूप से घायल 18 वर्षीय किशोरी की इलाज के दौरान मौत हो गई।
घटना बिरौल थाना क्षेत्र के नेउरू टोल दाथ गांव की बताई जा रही है।
🚨 मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप
जानकारी के अनुसार 27 मई की शाम करीब 5 बजे पीड़ित परिवार के बच्चे ने गलती से घर के पास आम का छिलका फेंक दिया था। इसी बात को लेकर पड़ोसी रंजीत सहनी गाली-गलौज करने लगा।
परिवार की ओर से समझाने की कोशिश की गई, लेकिन आरोप है कि इसके बाद रंजीत सहनी अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ लाठी-डंडे लेकर पहुंच गया और हमला कर दिया।
🩸 लाठी से सिर पर हमला, किशोरी की मौत
हमले में 18 वर्षीय बेबी कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसके सिर पर लाठी से जोरदार वार किया गया था। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी मां रेनू देवी का हाथ टूट गया, जबकि छोटी बहन पिंकी कुमारी भी घायल हो गई।
बेबी कुमारी को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
🚔 पांच लोगों पर हत्या का केस
मृतका की बड़ी बहन खुशबू देवी के बयान पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है।
घटना के बाद सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
😢 गांव में मातम का माहौल
पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि मृतका के पिता मानसिक रूप से बीमार हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति भी काफी खराब है।
थाना प्रभारी चंद्रमणि ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
