बहेड़ी में ट्रक की टक्कर से राजमिस्त्री की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
दरभंगा जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक राजमिस्त्री की जान चली गई। घटना त्रिमुहानी घाट के पास रविवार देर रात हुई, जब तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान डीएमसीएच में मौत हो गई।
मृतक की पहचान बहेड़ी थाना क्षेत्र के शंकर लोहार बिठौली गांव निवासी रामप्रसाद राम के 32 वर्षीय पुत्र पप्पू राम के रूप में हुई है। वह पेशे से राजमिस्त्री था और अपने परिवार का एकमात्र सहारा बताया जाता था।
हादसे के बाद चालक फरार
स्थानीय लोगों के अनुसार टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल पप्पू राम को तुरंत डीएमसीएच ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम के दौरान उमड़ी भीड़
सोमवार को पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रियाओं के समय बड़ी संख्या में ग्रामीण डीएमसीएच पहुंचे। घटना के बाद पूरे परिवार में शोक की लहर है और माहौल गमगीन बना हुआ है।
पत्नी और बच्चों का भविष्य संकट में
स्थानीय लोगों और राजनीतिक प्रतिनिधियों ने घटना पर गहरा दुख जताया है। सीपीआईएम के राज्य सचिव श्याम भारती ने कहा कि इस हादसे ने एक गरीब परिवार का कमाने वाला सदस्य छीन लिया है। उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की है।
हादसे के बाद मृतक की पत्नी और दो बच्चों के सामने भविष्य को लेकर गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
